सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, गार्डों की गैरहाजिरी से सिम्स में बढ़ीं चोरियां

बिलासपुर। प्रदेश के प्रमुख सरकारी अस्पताल सिम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल में तैनात दर्जनों सुरक्षा गार्ड नियमित ड्यूटी नहीं कर रहे हैं, लेकिन उनके नाम पर हर माह वेतन का भुगतान किया जा रहा है। इस बीच अस्पताल परिसर में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक पिछले एक वर्ष में अस्पताल परिसर से 50 से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें मरीजों और उनके परिजनों के मोबाइल, नकदी, वाहन तथा अन्य सामान चोरी होने के मामले शामिल हैं। कई मामलों में शिकायत दर्ज होने के बावजूद चोरों का पता नहीं चल सका।
अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि कई स्थानों पर सुरक्षा गार्ड दिखाई ही नहीं देते। रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और भी कमजोर नजर आती है। ऐसे में असामाजिक तत्व आसानी से अस्पताल परिसर में प्रवेश कर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
